सीमा सिंह शहडोल -: मध्य प्रदेश के शहडोल में मंगलवार सुबह 10 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। सिंहपुर थाना क्षेत्र के पतखई घाट में लोहे से भरा मिनी ट्रक 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
ट्रक रायपुर से शहडोल की ओर जा रहा था। इसका नंबर एचआर 55 एके 3330 है। हादसे में चालक और परिचालक ट्रक के नीचे फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को ट्रक से बाहर निकाला गया।
चश्मदीद राजू पनिका ने बताया कि ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सीधे खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय निवासी संजीव का कहना है कि पतखई घाट काफी खतरनाक है। यहां भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण रखना जरूरी है। पुलिस के मुताबिक घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।










