श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः मेडिकल कालेज जाने वाले मरीजों की मुसीबत दो दिन की बारिश ने बढ़ा दी है। मेडिकल कालेज के सामने से बस स्टैंड होते हुए चुहरी मार्ग तक निर्माणाधीन सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई है। एनएच-43 से मेडिकल कालेज तक पहुंचना अब चुनौती बन गया है।
दरअसल, मेडिकल कालेज से एनएच-43 तक सड़क को उखाड़कर मिट्टी डालकर समतल किया गया है, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया और बारिश से बचाव का कोई इंतजाम नहीं किया गया। नतीजा पूरी सड़क पर मिट्टी-कीचड़ फैल गई है। पैदल चलना भी मुश्किल है, दोपहिया वाहन और ऑटो फिसलकर फंस रहे हैं। शुक्रवार सुबह राजेश नाम का आटो चालक गंभीर मरीज को लेकर मेडिकल
कालेज जा रहा था, तभी आटो का पहिया कीचड़ में फंस गया। आटो में मरीज बैठा था। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आटो को बाहर निकाला। गुरुवार से शुक्रवार के बीच अनेक बाइक सवार कीचड़ में फिसलकर गिरकर घायल हो चुके हैं। मेडिकल कालेज के एमबीबीएस छात्रों को भी इसी मार्ग से पैदल आना-जाना पड़ रहा है, उन्हें रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेडिकल कालेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थान का पहुंच मार्ग बदहाल होना प्रशासन और निर्माण एजेंसी की लापरवाही है। लोगों ने मांग की है कि तत्काल आवागमन योग्य व्यवस्था बनाई जाए और अधूरे हिस्से में जल्द डामरीकरण कराया जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।










