सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के धनपुरी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बेम्हौरी गांव में ज्वालामुखी मंदिर के पीछे स्थित लोहा पुलिया पर एक अज्ञात युवक का शव फांसी पर लटका मिला। मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
शव से आ रही दुर्गंध के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत 3-4 दिन पहले हुई होगी। मवेशी चरा रहे एक व्यक्ति ने दुर्गंध की वजह से जब मौके पर जाकर देखा तो शव लटका हुआ मिला। उसने गांव वालों को सूचित किया, जिन्होंने पुलिस को खबर की।
धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो के अनुसार पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मौके पर गहरा नाला और झाड़ियां होने के कारण विस्तृत जांच सुबह की जाएगी। पुलिस आसपास के थानों और जिले से लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि अन्य कारण भी हो सकते हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।










