श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल: एक तरफ सरकार मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के जरिए आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का संदेश दे रही है, तो दूसरी तरफ इसी अभियान में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक एएसआई पर शराब के नशे में ग्रामीणों के साथ अभद्रता और मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि उसने जिला पंचायत सदस्य से भी बदतमीजी और हाथापाई की। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
ड्यूटी छोड़ नशे में हंगामा और ग्रामीणों से मारपीट
- मामला जनपद पंचायत जयसिंहनगर अंतर्गत सीधी थाना क्षेत्र के बनसुकली का है। यहां जनविश्वास अभियान का कार्यक्रम था, जिसमें कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। सुरक्षा के लिए सीधी थाने में पदस्थ एएसआई दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी लगाई गई थी।
- आरोप है कि एएसआई निर्धारित ड्यूटी पर न जाकर दूसरी जगह पहुंच गए, जहां वे शराब के नशे में थे। वहां उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर पंचायत छेकता क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। नाराज ग्रामीणों ने विरोध कर वीडियो रिकार्ड कर लिया।
जिला पंचायत सदस्य से हाथापाई और मुर्गे छीनने का आरोप
- इसी दौरान पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने आपत्ति जताई तो आरोप है कि एएसआई उनसे भी अभद्रता और हाथापाई पर उतारू हो गए।
- अमडीह निवासी तौकीद ने एसपी के सामने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि एएसआई ने उनके कर्मचारियों से जबरन 4 मुर्गे छीने और 10 मुर्गों की डिमांड की, नहीं देने पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने किया निलंबित
एसपी डा. संजय कुमार अग्रवाल ने मौके पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और बाद में एएसआई दीपक सिंह परिहार को निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि निलंबन की कार्रवाई की गई है, आगे जांच जारी है।










