श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल की 13 वर्षीय छात्रा रितिका सिंघई ने अपनी लेखन प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। चर्चित पुस्तक ‘द सिंधिया कंपेंडियम’ की लेखिका रितिका को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सपरिवार दिल्ली आमंत्रित किया।
29 अक्टूबर को संचार मंत्रालय में हुई मुलाकात में सिंधिया ने पुस्तक की सराहना की और उससे जुड़े कई सवाल पूछे। रितिका ने आत्मविश्वास से जवाब दिए। कम उम्र में उनकी गहरी समझ देखकर मंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि जय विलास पैलेस उनका दूसरा घर है और वे जब चाहें वहां आ सकती हैं।
रितिका गांधी चौक निवासी राकेश-सुषमा सिंघई की पौत्री और राहुल-रीना सिंघई की पुत्री हैं। वह ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं। मुलाकात में मध्यप्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी (नाना), भाजपा नेता रोहित जैन (मामा) और निखिल जैन (मौसा) भी मौजूद रहे।
दिल्ली रवाना होने से पहले रितिका ने सांसद हिमाद्रि सिंह, विधायक मनीषा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अमिता चपरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर आशीर्वाद लिया। उनकी उपलब्धि से परिवार, जैन समाज और जिले में हर्ष का माहौल है।










