SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » अनूपपुर: लावारिस ऑटो में मिला युवक का शव, गले पर तार के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

अनूपपुर: लावारिस ऑटो में मिला युवक का शव, गले पर तार के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   जिला मुख्यालय के सामतपुर तालाब के पास अनूपपुर-चचाई मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक लावारिस ऑटो में 33 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का शव ऑटो की आगे वाली सीट पर औंधे मुंह पड़ा था। मृतक की पहचान चंदन राठौर पिता स्व. प्रदीप राठौर के रूप में हुई है। वह पल्लेदारी का काम करता था। युवक के गले में तार जैसे निशान और चेहरे का रंग नीला पड़ने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के बड़े भाई दीपक राठौर ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह करीब 10 बजे घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर ऑटो के अंदर देखा तो चंदन आगे वाली सीट पर औंधे मुंह पड़ा था। उसके गले में पतले तार जैसा निशान था, चेहरा नीला पड़ गया था और मुंह से खून निकल रहा था। परिजनों का कहना है कि गले पर मिले निशान को देखते हुए आशंका है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव ऑटो में रख दिया होगा अथवा ऑटो के अंदर ही घटना को अंजाम दिया गया होगा।

रात में घर नहीं लौटा था युवक

परिजनों के अनुसार चंदन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पल्लेदारी का काम करता था। घटना से एक रात पहले काम के बाद वह घर नहीं लौटा था। परिवार के लोगों ने बताया कि वह अक्सर देर रात तक बाहर रहता था और कभी-कभी कहीं सो जाता था। इसी वजह से रात में घर नहीं पहुंचने पर किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई। मृतक के भाई ने बताया कि सुबह उनके चाचा भी उसी रास्ते से टहलने निकले थे लेकिन ऑटो में पड़े युवक को पहचान नहीं सके। वह स्वयं भी दो-तीन बार उस रास्ते से गुजरे लेकिन उन्हें भी अंदाजा नहीं हुआ कि ऑटो में उनका भाई मृत अवस्था में पड़ा है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

जिस ऑटो में शव मिला है, स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो करीब डेढ़ साल से घटनास्थल पर कबाड़ की स्थिति में खड़ा था। वहीं पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक रात में कुछ युवकों के साथ था। थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि रात में उसके साथ रहे कुछ युवकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us