श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर में एसआईआर और मतदाता सूची में बदलाव के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गुड्डू चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां पुलिस ने पानी की बौछार की। कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग की।
अनूपपुर में मतदाता सूची में बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सामतपुर तिराहा पर एकत्रित हुए। यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्ट्रेट परिसर के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल की तैनाती के बावजूद प्रदर्शनकारी गेट खोलकर परिसर में प्रवेश कर गए। इस दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछार का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। परिसर में पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर पार्टी द्वारा उठाए गए सवालों की संवैधानिक स्तर पर समीक्षा कराने की मांग भी रखी। ज्ञापन में चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र जांच, मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में आम नागरिकों का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी निष्पक्षता से जुड़े आरोपों पर जवाबदेही तय करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी ज्ञापन में रखी। वहीं, ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया।













