श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 के मोर्चा फाटक पर आम जनता की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। एक ओर आम नागरिक घंटों जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं, वहीं इसी मार्ग से गुजरने वाले मंत्री, विधायक और सांसदों के काफिलों का सफर लग्जरी गाड़ियों में आसानी से निकल जाता है।
शहडोल-उमरिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी
शनिवार को तड़के करीब 4 बजे से शहडोल-उमरिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। ट्रांसपोर्टर, यात्री, नौकरीपेशा और अन्य राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे। किसी की जरूरी यात्रा प्रभावित हुई तो किसी को अपने काम से हाथ धोना पड़ा।
ठेकेदार की लापरवाही पर विभाग ने क्या कार्रवाई की
निर्माण एजेंसी की धीमी कार्यप्रणाली और एमपीआरडीसी की निगरानी व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आखिर ठेकेदार की लापरवाही पर विभाग ने क्या कार्रवाई की? निर्माण की समय-सीमा कितनी बार बढ़ाई गई और विलंब के लिए कितना जुर्माना लगाया गया, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक होनी चाहिए।
बदहाल स्थिति आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही
निर्माण स्थल पर मिट्टी डालने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और रॉयल्टी संबंधी नियमों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इन सभी पहलुओं की तकनीकी और दस्तावेजी जांच जरूरी है। इसके साथ ही निर्माणाधीन हिस्से में यातायात प्रबंधन की बदहाल स्थिति आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
मंत्री, विधायक और सांसद इसी मार्ग से आवागमन करते हैं
विडंबना यह है कि मंत्री, विधायक और सांसद इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन आम जनता की जाम से होने वाली परेशानी का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है। एमपीआरडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए।
वैकल्पिक यातायात व्यवस्था बनानी चाहिए
अब जनता आश्वासन नहीं, जवाब चाहती है। मोर्चा फाटक का निर्माण कब पूरा होगा और लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी? आखिर आम आदमी को जाम से मुक्त सड़क कब मिलेगी? वैकल्पिक यातायात व्यवस्था बनाकर तत्काल राहत देनी चाहिए।














