श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पदस्थ एक बीट गार्ड का शव शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के नगनौड़ी गांव में नदी में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संतोष कुमार बैगा (34) पिता पति बैगा निवासी नगनौड़ी के रूप में हुई है। वह बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के चांदसूरा क्षेत्र में बीट गार्ड के पद पर पदस्थ थे। उनका शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। हाल ही में उनके कार्यालय से परिजनों को फोन कर उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद परिजन बांधवगढ़ पहुंचे और उन्हें अपने साथ नगनौड़ी स्थित घर ले आए थे। परिजन उनका इलाज करा रहे थे। बताया गया है कि संतोष की मानसिक स्थिति कभी-कभी ठीक नहीं रहती थी। इस दौरान वह अचानक घर से निकल जाते थे और कहीं चले जाते थे।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी संतोष अचानक घर से निकल गए थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। तलाश के दौरान घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में उनका शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान वह पानी में गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














