श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जैतपुर थाना क्षेत्र के गढ़ाघाट में तेज रफ्तार जीप की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बेलिया निवासी बद्री प्रसाद दास (37) अपने साथी सुरेंद्र जायसवाल (38) के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान गढ़ाघाट स्थित ठाकुर बाबा के पास झिंकीबिजुरी रोड पर जैतपुर की ओर से आ रही काले रंग की जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि जीप चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर बद्री प्रसाद दास की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र जायसवाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की जान चली गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवा दिए हैं। परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और जीप चालक की भूमिका की पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी समीर खान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है










