श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नए पर्यटन सत्र का गुरुवार को उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। पर्यटन सत्र के पहले दिन ताला, मगधी और खितौली गेट को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पार्क प्रबंधन और वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यटकों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। गेट खोलने से पहले विधिवत पूजा-अर्चना की गई और वन्यजीवों की सुरक्षा व पर्यटन सत्र के सफल संचालन की कामना की गई।
यादगार बना दिन
ताला गेट से पार्क में प्रवेश करने वाले पर्यटकों के लिए पहला दिन ही यादगार बन गया। सिद्ध बाबा क्षेत्र के पास पर्यटकों को एक बाघिन के दीदार हुए। बाघिन को अपने प्राकृतिक परिवेश में विचरण करते देख पर्यटक रोमांचित हो उठे। सफारी वाहनों में सवार पर्यटकों ने बाघिन की गतिविधियों को काफी देर तक देखा और कैमरों में इस खास पल को कैद किया। नए पर्यटन सत्र के पहले ही दिन बाघिन के दीदार से पर्यटकों का उत्साह और बढ़ गया।

किया गया स्वागत
सुबह निर्धारित समय पर तीनों प्रमुख गेटों से पर्यटकों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रवेश द्वारों को फूलों और अन्य सजावटी सामग्री से सजाया गया था। पार्क प्रबंधन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यटकों का स्वागत कर उन्हें सुरक्षित और सुखद सफारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पर्यटकों को पार्क के नियमों का पालन करने तथा वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जानकारी भी दी गई।

बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक
मानसून के दौरान लंबे समय तक बंद रहने के बाद कोर क्षेत्र के ताला, मगधी और खितौली गेट खुलने से बांधवगढ़ में पर्यटन गतिविधियां फिर पूरी रफ्तार से शुरू हो गई हैं। पहले दिन बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी के लिए पहुंचे। पार्क के प्राकृतिक सौंदर्य और बाघों के दीदार की उम्मीद के बीच पर्यटकों में खासा उत्साह नजर आया। प्रबंधन ने नए सत्र में वन्यजीव संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।













