श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिला चिकित्सालय के प्रयासों से जन्मजात कटे होंठ एवं फटे तालू से पीड़ित एक बच्ची को नई मुस्कान मिली है। ग्राम सेमरी टेटकी, विकासखंड गोहपारू निवासी अजय सिंह एवं राश्मी सिंह की पुत्री आर्या सिंह में लेबर रूम में ही इस जन्मजात विकृति की पहचान की गई थी। पहचान के बाद जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक कंचन पटेल ने बच्ची के माता-पिता की काउंसलिंग कर आवश्यक देखभाल और उपचार की जानकारी दी।
स्वजन को बताया गया कि बच्ची नको मुख्य रूप से मां का दूध पिलाया जाए और जरूरत होने पर चिकित्सक की सलाह से ही फार्मूला मिल्क दिया जाए। बच्ची के वजन और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करते हुए प्रत्येक 15 दिन में फालोअप किया गया। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार पांच किलोग्राम वजन और लगभग छह माह की आयु पूर्ण होने पर कटे होंठ के आपरेशन की योजना बनाई गई।
इसी के तहत 24 अगस्त को ड्यूब सर्जिकल, जबलपुर में स्माइल ट्रेन एनजीओ के सहयोग से बच्ची का प्रथम आपरेशन पूरी तरह निश्शुल्क और सफलतापूर्वक किया गया। आपरेशन के बाद बच्ची के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और चिकित्सकीय निगरानी में उसका फालोअप जारी है। इस वर्ष जिले में जन्मजात कटे होंठ एवं फटे तालू के 22 नवजात बच्चों की पहचान हुई है, जिनमें से 15 बच्चों का उपचार हुआ।













