SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » शहडोल: बेटी की शादी के लिए जोड़ रखे थे रुपये, चोर ने घर में घुसकर उड़ाए; कुछ घंटे में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

शहडोल: बेटी की शादी के लिए जोड़ रखे थे रुपये, चोर ने घर में घुसकर उड़ाए; कुछ घंटे में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल के बुढार में बेटी की शादी के लिए बचाए करीब 80 हजार रुपये और चांदी के जेवर चोरी होने के मामले का पुलिस ने कुछ घंटों में खुलासा किया। पुलिस ने 18 वर्षीय सुनील सिंह गोंड को गिरफ्तार कर 61 हजार रुपये नकद समेत करीब 80 हजार का सामान बरामद किया।

बुढार थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के घर से बेटी की शादी के लिए जुटाकर रखे करीब 80 हजार रुपये और चांदी के जेवर चोरी होने के मामले का पुलिस ने महज कुछ घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए 61 हजार रुपये नकद और चांदी के सामान समेत करीब 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। आरोपी की पहचान अनूपपुर जिले के अलवार निवासी 18 वर्षीय सुनील सिंह गोंड के रूप में हुई है।

बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़ रही थी मां

पीड़िता सुमन सोनकर पति स्व. बेटालाल सोनकर, उम्र 40 वर्ष, वार्ड क्रमांक पांच बुढार में रहती हैं। वह मजदूरी कर परिवार चलाती हैं। पुलिस के अनुसार, महिला अपनी बेटी की शादी के लिए थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर घर में रख रही थी। इसी रकम पर चोर की नजर पड़ गई। घटना के बाद जब महिला थाने पहुंची और अपनी फरियाद सुनाई तो वह रो पड़ी। पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।

रात में घर का दरवाजा तोड़कर घुसा था चोर

महिला ने पुलिस को बताया कि वह घर के दूसरे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और करीब 80 हजार रुपये नकद व चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

दिन में होटल में काम, रात में चोरी

पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश और एसडीओपी विकास पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रजनीश तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सुनील सिंह पर संदेह हुआ। वह बुढार में एसबीआई बैंक के पीछे वार्ड क्रमांक पांच में रहकर एक होटल में काम करता था। पुलिस के अनुसार, वह दिन में होटल में काम करता और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

61 हजार नकद समेत मशरूका बरामद

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सामान में से 61 हजार रुपये नकद और चांदी के सामान सहित करीब 80 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us