श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के कोठिया गांव में खेत में काम करने के दौरान पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, नंद कुमार ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से बेटे सिंह राज सिंह गोंड (28) पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिया में शुक्रवार शाम पिता-पुत्र के बीच चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। खेत में काम करने के दौरान हुए विवाद में पिता ने अपने 28 वर्षीय बेटे पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सिंह राज सिंह गोंड (28) निवासी ग्राम कोठिया के रूप में हुई है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक और उसके पिता नंद कुमार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। थाना प्रभारी अभिषेक मिश्रा के अनुसार दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। आए दिन दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा होने की बात सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी रिषभ झारी और थाना प्रभारी अभिषेक मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों और जंगल क्षेत्र में उसकी तलाश कर रही है। घटना के पीछे पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।













