श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- बालाघाट: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे से पहले बैगा क्षेत्रों में फैली संक्रामक बीमारी ने 11 वर्षीय बालिका की जान ले ली। उकवा क्षेत्र के सुन्दरवाही गांव की सुषमा मर्सकोले की बुधवार रात लगभग दो बजे जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मलेरिया और मल्टीपल डिसीज से थी पीड़ित
- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बालिका को मलेरिया हुआ था। छह दिन पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डा. दाहिया के अनुसार, सुषमा को मलेरिया के साथ मल्टीपल डिसीज थी।
- लगातार इलाज से मलेरिया को नियंत्रित हो चुका था, लेकिन अन्य बीमारी के कारण बालिका अचेत स्थिति में थी, जिसकी बुधवार देर रात मौत हो गई। ढाई बजे परिजन एंबुलेंस से शव लेकर गांव लेकर पहुंचे। मृतका का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अब तक 34 बच्चों की मौत
गौरतलब है कि बैहर और बिरसा विकासखंड के आदिवासी बैगा क्षेत्रों में मलेरिया, खसरा, कुपोषण सहित अन्य बीमारियों से अब तक 34 बच्चों की मौत हो चुकी है। जबकि बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके 43 मौतों का दावा कर चुके हैं।
मृत बच्चों के परिजनों से मिलेंगे राहुल गांधी
आज गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रभावित गांव जगला जाएंगे, जहां वह मृत बच्चों के परिजनों से मिलेंगे। जगला में बीमारी से चार बच्चों की मौत हो चुकी है।













