श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के नकुनी गांव में मंगलवार सुबह एक किसान का शव स्थानीय बांध में मिला। मृतक की पहचान 55 वर्षीय हरिशरण गोंड के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता थे। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही देवलौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों के अनुसार, हरिशरण गोंड दो दिन पहले खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन हरिशरण का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीण भी उनकी तलाश में जुट गए थे।
बांध पर पहुंचे लोगों ने दी जानकारी
मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोग स्थानीय बांध के पास पहुंचे, जहां उन्होंने पानी में एक शव उतराता हुआ देखा। पास जाकर देखने पर शव की पहचान लापता हरिशरण गोंड के रूप में हुई। तत्काल देवलौंद थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
देवलौंद थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं पर गौर कर रही है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






