श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः संभागीय ‘मुख्यालय की अधिकांश सड़कों की स्थिति खराब है, विशेषकर बुढ़ार रोड इंद्रा चौक से बसस्टैंड बलपुरवा तक की सड़क, जो अब नाले में तब्दील हो गई है। यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
इस सड़क का निर्माण माडल रोड के रूप में किया जा रहा है, लेकिन भारी वर्षा के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। वर्षा के चलते कई निर्माण कार्य ठप हो गए हैं, जिससे सड़क पर पानी भरने और लोगों के घरों में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। निर्माण कार्य शुरू हुए आधा महीना बीत चुका है, लेकिन अभी तक मलबा भी पूरी तरह नहीं हटाया गया है।
मंगलवार को हुई तेज वर्षा के बाद सड़क पूरी तरह से नाले में बदल गई, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिका की लेटलतीफी का खामियाजा यहां के लोग भुगत रहे हैं, जिसके कारण एक सैकड़ा से अधिक लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ है। दुकानदारों को भी ग्राहक नहीं मिल पा रहे हैं, क्योंकि सड़क की स्थिति खतरनाक हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार काम नहीं कर रहा है, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने नगर पालिका से मांग की है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाए, और यदि ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरत रहा है, तो दूसरा ठेकेदार नियुक्त किया जाए। साढ़े छह करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क शहरवासियों के लिए एक बड़ी समस्या बन गई है।
अब हुई 413.4 मिमी औसत वर्षाः
28 जुलाई को जिले में औसतन 62.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। गोहपारू में सर्वाधिक 111 मिमी वर्षा हुई।






