SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » दूसरी पत्नी के साथ कार से जा रहे पति ने पहली पत्नी पर चढ़ा दी कार, शहडोल जिला अस्पताल में भर्ती

दूसरी पत्नी के साथ कार से जा रहे पति ने पहली पत्नी पर चढ़ा दी कार, शहडोल जिला अस्पताल में भर्ती

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  बिरसिंहपुर पाली। घरेलू विवाद के बीच एक महिला को कार से कुचलने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरी पत्नी के साथ कार से जा रहे पति ने पहली पत्नी को देखकर वाहन रोकने के बजाय उस पर कार चढ़ा दी। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर शहडोल जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना बिरसिंहपुर पाली के मुख्य मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सोमवार शाम की बताई जा रही है।

यह है मामला

आरोप है कि पाली प्रोजेक्ट क्षेत्र निवासी और बिजली विभाग में ठेकेदारी करने वाला महबूब खान अपनी दूसरी पत्नी के साथ कार क्रमांक एमपी 18 सीए 1419 से जा रहा था। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी निखत खान की नजर उस पर पड़ी। निखत ने कार रोकने के लिए वाहन का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान पति ने कार तेज गति से आगे बढ़ा दी, जिससे महिला उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
भरण-पोषण का मामला न्यायालय में विचाराधीन
बताया गया है कि निखत खान और महबूब खान के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा है। महिला की ओर से भरण-पोषण का मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। आरोप है कि दोनों के बीच विवाद के दौरान यह घटना हुई। हालांकि, वारदात के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
गंभीर हालत में शहडोल रेफर
कार की टक्कर से महिला के हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शहडोल जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद आरोपित के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पीड़िता के बेटे ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us