श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के कोसम टोला में चार महीने पहले हुई अमीराज सिंह (40) की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। मर्ग जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर मृतक के बड़े भाई ऋषिराज सिंह को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना 29 मई को हुई थी। पुलिस के अनुसार, अमीराज सिंह का अपने बड़े भाई से विवाद हुआ, जिसके दौरान ऋषिराज ने फावड़े से छोटे भाई पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए अमीराज घर से भागा, लेकिन घर के पास पुलिया के नजदीक सड़क पर गिर गया। बाद में पुलिस को सड़क पर एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली।
शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना गया था, लेकिन मृतक के परिजनों ने पुलिस को दोनों भाइयों के बीच विवाद की जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे हत्या का केस दर्ज नहीं हो सका। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए, जिसमें दोनों भाइयों के बीच विवाद की पुष्टि हुई।
इसके बाद नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई और हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया।स्वजनों ने पहले ही हत्या का संदेह जताया था। उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को विवाद की जानकारी दी, लेकिन मामले । में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई।













