श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया के चंदिया थाना क्षेत्र स्थित धौरखोह हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी हो गई। अज्ञात चोर लेटे हुए हनुमान जी के शृंगार में चढ़ाया गया करीब 80 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए।
उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल के बीच स्थित प्रसिद्ध धौरखोह हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा पर चढ़ाया गया चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर समिति से जुड़े लोगों में हलचल मच गई।
बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में प्रवेश कर भगवान हनुमान के शृंगार में चढ़ाया गया चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। सुबह मंदिर पहुंचे लोगों को मुकुट गायब मिला। इसके बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों को सूचना दी गई और चंदिया थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई।
करीब 80 हजार रुपये कीमत का था मुकुट
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पांडे ने बताया कि भगवान हनुमान के शृंगार में चढ़ाया गया चांदी का मुकुट करीब 80 हजार रुपये कीमत का था। उन्होंने बताया कि मुकुट चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद मंदिर समिति की ओर से चंदिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी चोरी की चर्चा रही। मंदिर समिति ने चोरी गए मुकुट की बरामदगी की उम्मीद जताई है।
पुलिस के आधिकारिक पक्ष का इंतजार
फिलहाल जंगल के बीच स्थित धौरखोह हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। शिकायत के बाद अब चोरी गए मुकुट की बरामदगी और अज्ञात आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की कार्रवाई पर नजर है।













