श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर पंचवटी चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर एकत्र गौवंशों को बेरहमी से कुचल दिया।
इस भीषण हादसे में छह से ज्यादा गोवंशों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि चार से अधिक गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मवेशियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही गो ‘सेवक और गो रक्षक घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घायल गौवंशों को रेस्क्यू कर तत्काल उपचार के लिए नजदीकी गोशाला भेजा। फिलहाल घायल गोवंशों का गोशाला में इलाज जारी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान हो सके। पुलिस ने कहा वाहन की पहचान होते ही आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









