श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले राजमार्ग-43 पर दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात से हड़कंप मच गया। धुरवार टोल प्लाजा पास सवार बदमाशों ने चलती बाइक पर जा रहे तंबाकू व्यापारी का रुपये से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गए। बैग में करीब 80 हजार रुपये नकद थे। जानकारी के अनुसार पीड़ित अंसार अली, निवासी सोहागपुर वार्ड क्रमांक-3, बुढार क्षेत्र से व्यापारिक वसूली करके बाइक से घर लौट रहे थे।
उन्होंने नकदी से भरा बैग गले में टांग रखा था। जैसे ही वह धुरवार टोल प्लाजा के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आई बाइक पर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया और मौके से भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ पाते तब तक आरोपी दूर जा चुके थे।
इसके बाद उन्होंने टोल प्लाजा पर बाइक रोककर कर्मचारियों को सूचना दी और सीधे सोहागपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान के लिए धुरवार टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।.






