श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2015 बैच के आईएएस अधिकारी पार्थ जायसवाल को शहडोल का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। वर्तमान में छतरपुर कलेक्टर के पद पर कार्यरत पार्थ जायसवाल, मिशा सिंह की जगह लेंगे जो मातृत्व अवकाश पर होने के कारण पदभार ग्रहण नहीं कर सकी थीं।
पार्थ जायसवाल का शहडोल से गहरा नाता रहा है। वे जुलाई 2019 से अगस्त 2024 तक लगभग पांच वर्षों तक यहाँ जिला पंचायत सीईओ रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और आजीविका मिशन जैसी ग्रामीण विकास योजनाओं पर मजबूती से काम किया। कोरोना महामारी के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में राहत कार्य, क्वारंटीन सेंटरों का संचालन और प्रवासी श्रमिकों के प्रबंधन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई और यूपीएससी में बेहतरीन प्रदर्शन
पार्थ जायसवाल की शैक्षणिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि काफी मजबूत रही है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में बीटेक। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (2014) में ऑल इंडिया 299वीं रैंक मिली थी। भारतीय वन सेवा (IFOS) में ऑल इंडिया 5वीं रैंक थी।
अगस्त 2024 में छतरपुर कलेक्टर बनने के 2 साल बाद, अब वे शहडोल के सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर वापस लौट रहे हैं। जिले की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों से उनके पुराने परिचय को देखते हुए उनके इस कार्यकाल से काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं।






