श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक होटल के बाहर गाड़ियां आपस में टकराने के मामूली विवाद में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुए हमले में कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। सोमवार को घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है।
खाना लेने पहुंचे युवकों का हुआ विवाद
न्यू बस स्टैंड निवासी आकाश पाठक अपने साथियों के साथ होटल में खाना लेने गए थे। वाहन बैक करते समय दूसरे पक्ष की गाड़ी से टच होने पर विवाद शुरू हुआ और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
लाठी-रॉड चलने से कई घायल, निजी अस्पताल में भर्ती
मारपीट के दौरान जमकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलीं, जिसमें आकाश पाठक समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आकाश पाठक की शिकायत पर नदीम, नियाजी, तनवीर, नावेद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मर्ग दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच कर रही है।
कलेक्टर-एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह और एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने देर रात मौके का निरीक्षण किया। इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।













