SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » शहडोल में बारिश का कहर! आकाशीय बिजली ने ली तीन जिंदगियां, 11 साल के मासूम समेत कई झुलसे

शहडोल में बारिश का कहर! आकाशीय बिजली ने ली तीन जिंदगियां, 11 साल के मासूम समेत कई झुलसे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से 11 वर्षीय बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। थाना क्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से 11 वर्षीय बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
धान की रोपाई के दौरान गिरी बिजली, महिला की मौत 

जैतपुर थाना क्षेत्र की झींक बिजुरी चौकी अंतर्गत ग्राम झींक में खेत में धान की रोपाई के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से 28 वर्षीय किशन, पत्नी राकेश, गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीण उन्हें झींक बिजुरी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक मौजूद नहीं थे। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल शहडोल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

खेत में काम कर रहे किसान की मौके पर मौत 

दूसरी घटना दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में हुई। पुलिस के अनुसार, खेत में धान की रोपाई कर रहे 45 वर्षीय सुंदर पाव पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

रेकोवा गांव में दो लोग झुलसे 

दरशिला चौकी क्षेत्र के रेकोवा गांव में भी खेत में काम कर रहे दो लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।

घर के बाहर खड़े मासूम पर गिरी बिजली

तीसरी बड़ी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसरा में हुई। यहां 11 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह, पिता प्रेमलाल सिंह, घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी भाभी भी घायल हो गईं, जिनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार सभी घटनाएं खराब मौसम और आकाशीय बिजली गिरने के दौरान हुईं। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us