सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल संभाग की आयुक्त सुरभि गुप्ता ने राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। आयुक्त कार्यालय के अमरकंटक कक्ष में आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा- सभी राजस्व कार्य समय-सीमा में पूरे होने चाहिए। उन्होंने आरसीएमएस, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा तरमीम और डायवर्सन के मामलों की समीक्षा की।
पीठासीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
जिन न्यायालयों में 10 प्रतिशत से कम प्रकरणों का निराकरण हुआ है, उन पीठासीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने एसडीएम को तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
आरबीसी के तहत प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने पर जोर दिया। अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन और राजस्व से जुड़े मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, उमरिया कलेक्टर धरणेंद्र जैन, अनूपपुर के अपर कलेक्टर और संभाग के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने सभी कार्यालयों में एक सप्ताह के भीतर ई-ऑफिस शुरू करने के भी निर्देश दिए।










