श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के नवलपुर परिसर में कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम की अनियमितताओं और छात्रहित से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
एनएसयूआइ के अनुसार, पिछले सप्ताह जारी परिणाम में कई विद्यार्थियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। संगठन ने संशोधित और सही परिणाम जल्द जारी करने, शिकायतों को देखते हुए वर्तमान मूल्यांकन प्रभारी को पद से हटाने और निष्पक्ष मूल्यांकन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में एग्रीकल्चर विभाग में एक बार प्रैक्टिकल होने के बाद दोबारा प्रैक्टिकल कराने पर रोक लगाने तथा विद्यार्थियों को परेशान न करने की मांग भी रखी गई। साथ ही विश्वविद्यालय के अध्यापकों और कर्मचारियों का रुका भुगतान तत्काल करने को कहा गया। सौरभ तिवारी ने कहा कि परीक्षा परिणाम की गड़बड़ियों से विद्यार्थियों को मानसिक और शैक्षणिक परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी सहित आशीष द्विवेदी, महेंद्र यादव, आशु सिंह, शिवम तिवारी, सुमित सेंगर, दीपक साहू, कृष्णा गुप्ता, ओम साहू, चंदन केवट, अजय बैगा और कृतेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।












