श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। यहां के बिरसामुंडा शासकीय मेडिकल काॅलेज की कैजुअल्टी के बाहर खुला नाली चेंबर लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बन रहा है।
समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा
जानकारी के अनुसार यहां आए दिन लोग नाली में गिरकर घायल होते हैं और वाहनों के पहिए भी फंस जाते हैं। इसके बावजूद समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नई गाड़ी का टायर फट गया
ताजा घटना में भाजपा सोहागपुर मंडल अध्यक्ष की गाड़ी मेडिकल काॅलेज की कैजुअल्टी के बाहर खुले नाली चेंबर में जा घुसी। गाड़ी का पहिया नाली में जाने से नई गाड़ी का टायर फट गया। अचानक हुए हादसे के कारण ड्राइवर को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आवाजाही वाले इस स्थान पर नाली चेंबर खुला
बताया गया कि यह पहली घटना नहीं है। मरीजों और उनके परिजनों की लगातार आवाजाही वाले इस स्थान पर नाली चेंबर खुला है। लोगों के अनुसार, इसे ढंकने की व्यवस्था नहीं की गई है और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया है।
घटना के बाद कोई स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा
घटना के बाद मदद के लिए मेडिकल काॅलेज का कोई स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। इस स्थिति ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों ने मेडिकल काॅलेज प्रबंधन से खुले चेंबर को तत्काल दुरुस्त कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।











