SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » मां की आंखों के सामने बुझ गया घर का इकलौता चिराग

मां की आंखों के सामने बुझ गया घर का इकलौता चिराग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  उमरियाः कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम किरनताल में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के पास साइकिल चला रहा 13 वर्षीय मासूम उमेश पाल पिता लालमन पाल अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। मां की आंखों के सामने हुए इस हादसे में बेटे को बचाने की कोशिश भी नाकाम रही और देखते ही देखते परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।

हादसे को लेकर खबर है कि मृतक उमेश बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर के पास साइकिल चला रहा था। इसी दौरान वह पास ही स्थित भगवत पाल के आंगन में बने कुएं के करीब पहुंचा और अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में जा गिरा। हादसा होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। बेटे को कुएं में गिरता देख मां बदहवास होकर उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन तब तक मासूम गहरे पानी में समा चुका था।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी प्रयास के बाद उमेश को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि जिस वक्त परिवार पर यह वज्रपात हुआ, उस समय उमेश के पिता लालमन पाल रोजी-रोटी के सिलसिले में सूरत में थे। बेटे की मौतकी खबर उन्हें दे दी गई है। इधर मां की आंखों के सामने बेटे की जिंदगी छिन जाने का मंजर और परिवार की असहनीय पीड़ा ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया।

घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल लाया गया। एक पल पहले साइकिल पर खिलखिलाता बचपन और अगले ही पल परिवार में पसरा मातम, इस हादसे ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित कुओं के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us