श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जिले के पाली रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के समीप बने सरकारी आवास में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग वन विभाग में क्लर्क के पद पर पदस्थ बृजेश श्रीवास्तव के सरकारी आवास में लगी थी। घटना के समय घर में ताला लगा हुआ था और परिवार के सभी सदस्य बाहर थे। ऐसे में घर के अंदर आग लगने की जानकारी किसी को नहीं थी। मकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
आग इतनी तेजी से फैली कि आवास के अंदर रखा गृहस्थी का सामान इसकी चपेट में आ गया। फर्नीचर, घरेलू उपयोग की सामग्री सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जाना बाकी है। आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आसपास रहने वाले वन विभाग के कर्मचारी और अनुबंध कर्मी भी मौके पर पहुंच गए थे। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।












