श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के देवलौंद थाना क्षेत्र के सुखाड़ गांव स्थित नौवघटा घाट में मिट्टी की खोदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 25 वर्षीय शनि कोल की दबकर मौत हो गई। जेसीबी की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने परिजनों को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
जानकारी मिलते ही देवलौंद थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। युवक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद उसे मिट्टी से बाहर निकाला गया। मौके पर डॉक्टरों की टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
कलेक्टर ने लिया संज्ञान, परिजनों को दी आर्थिक सहायता
घटना में युवक की मौत की जानकारी मिलते ही कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली।
पुलिस ने फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए तत्काल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि शासन के नियमानुसार पात्रता के आधार पर परिवार को आगे की सहायता राशि भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।











