SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » शहडोल: रेलवे लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आई 65 साल की महिला, मौके पर हुई मौत

शहडोल: रेलवे लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आई 65 साल की महिला, मौके पर हुई मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के टिकुरी टोला के पास रेलवे लाइन पार करते समय एक बुजुर्ग महिला मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला को कम सुनाई देता था, जिसके कारण वह ट्रेन का हॉर्न नहीं सुन सकी। घटना की सूचना रेलवेकर्मियों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अमलाई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर चार निवासी सावित्री केवट (65) घर के पास स्थित टिकुरी टोला के समीप रेलवे लाइन पार कर शौच के लिए गई थीं। शौच के बाद वह रेलवे लाइन पार कर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान तीसरी लाइन पर मालगाड़ी आ गई। ट्रेन के चालक ने महिला को पटरी पर देखकर लंबा हॉर्न बजाया लेकिन कम सुनाई देने के कारण महिला को इसकी आवाज नहीं सुनाई दी और वे मालगाड़ी की चपेट में आ गईं।

हादसे की जानकारी मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शौचालय को लेकर भी उठ रहे सवाल

हादसे के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या महिला के घर में शौचालय था। सरकार की ओर से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर शौचालय निर्माण और खुले में शौच से मुक्ति के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं। यदि महिला के घर में शौचालय उपलब्ध था तो वह शौच के लिए रेलवे लाइन के पास क्यों गईं? वहीं यदि शौचालय नहीं था तो सरकारी योजना के तहत उनके घर में शौचालय क्यों नहीं बन पाया, यह भी जांच का विषय है।

हालांकि इस संबंध में जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us