श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रामपुर कोयला खदान में सुरक्षाकर्मी से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार सुरक्षाकर्मी अजय कुमार पटेल खदान परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चार लोग खदान के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद ट्रकों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट कर दी। घटना में एसआईएसएफ के जवान के शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है।
थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि सुरक्षा में तैनात एस आई एस एफ कंपनी के एक कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना हुई है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। वहीं सूत्रों का दावा है कि खदान के अंदर ट्रकों में कोयला लोडिंग को लेकर सुरक्षाकर्मियों और कुछ चालकों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बनती रही है। हालांकि पुलिस की ओर से स्वतंत्र रूप से इन दावों की पुष्टि नहीं की गई है।













