श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र में गोवर्धन कोल हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया। पुलिस के अनुसार शराब पीने के दौरान विवाद के बाद पांच आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार, वाहन, कपड़े और मृतक का पर्स जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को गोवर्धन के पिता प्रेमलाल कोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर की रात गणेश विसर्जन के लिए जाने के बाद गोवर्धन लापता है। तलाश के दौरान मंडल के बगीचा के पास उसकी मोटरसाइकिल का टूटा क्लच केबल और चप्पल मिली। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने सूरज राठौर, राहुल सिंह राठौर, तेजराज राठौर, दिनेश गोड और राहुल राठौर, सभी निवासी सिवनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार, घटना के समय पहने कपड़े, मोटरसाइकिल, ईको कार और मृतक का पर्स जब्त किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 103(1), 238 तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(v) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।













