SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » शहडोल में रेत माफिया के हौसले बुलंद: वन अमले ने पकड़ा रेत से भरा वाहन तो विवाद, धमकी देकर छुड़ाकर ले गए आरोपी

शहडोल में रेत माफिया के हौसले बुलंद: वन अमले ने पकड़ा रेत से भरा वाहन तो विवाद, धमकी देकर छुड़ाकर ले गए आरोपी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे वन अमले से विवाद और जब्त वाहन छुड़ाकर ले जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग की शिकायत पर दो नामजद समेत 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है
शहडोल जिले में अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। सोहागपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करने पहुंचे वन अमले के साथ कथित तौर पर विवाद करने और जब्त रेत से भरे वाहन को छुड़ाकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान वनकर्मियों को डंडे से पीटने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद वन विभाग की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
कार्रवाई के दौरान वन अमले से विवाद, वाहन छुड़ाकर ले गए

वन परिक्षेत्र अधिकारी विनायक कुमार गौतम की शिकायत के अनुसार, वन अमले को अवैध रूप से रेत परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची और रेत से भरे वाहन को पकड़ लिया। इसी दौरान छेंकलाल यादव, श्रीपत मिश्रा सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने वनकर्मियों से विवाद करते हुए कार्रवाई का विरोध किया और बलपूर्वक वाहन छुड़ाकर ले गए।

वन अमले को धमकाने का भी आरोप, दो नामजद समेत अज्ञात पर केस

शिकायत में वन अमले को धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सोहागपुर पुलिस ने छेंकलाल यादव, श्रीपत मिश्रा और 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं

वन विभाग की कार्रवाई के दौरान माफियाओं द्वारा टीम के साथ विवाद और दबाव बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोहागपुर क्षेत्र में भी पिछले कुछ समय में वन अमले की कार्रवाई में बाधा डालने के मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों से मैदानी स्तर पर कार्रवाई करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us