श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- हरिद्वार-पुरी उत्कल एक्सप्रेस में सफर के दौरान नींद आने से एक यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिरकर घायल हो गया। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों की नजर शहडोल रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन किनारे पड़े घायल यात्री पर पड़ी। जवानों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी और रेलवे एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना सोमवार को शहडोल रेलवे स्टेशन के पास किलोमीटर संख्या 910/18-20 की डाउन लाइन पर पॉइंट नंबर 94 के नजदीक हुई। ड्यूटी के दौरान RPF स्टाफ ने एक व्यक्ति को रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में देखा। सूचना मिलते ही पोस्ट प्रभारी, उप निरीक्षक एस. उरांव और अन्य बल सदस्य मौके पर पहुंचे।
पूछताछ में घायल ने अपना नाम प्रदीप कुशवाहा (40), पिता स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण कुशवाहा, निवासी टिकरिया टोला, सतना थाना क्षेत्र बताया। उसके पास मोबाइल फोन नहीं था। हालांकि कागज पर लिखे दो मोबाइल नंबर मिले, जिनके जरिए पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया।
यात्री के अनुसार ट्रेन की गति कम होने के कारण उसे गंभीर चोट नहीं आई लेकिन उसके बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना की सूचना जीआरपी को भी दी गई। उप निरीक्षक आरएन झरिया स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद रेलवे एंबुलेंस से घायल को शासकीय जिला अस्पताल शहडोल भेजा गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। RPF जवानों की तत्परता के कारण घायल यात्री को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।












