श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन एएसपी के नाम सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि युवाओं के लिए संचालित मां तुझे प्रणाम योजना की चयन प्रक्रिया में विगत दो वर्षों से पक्षपात एवं अनियमितता की जा रही है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगभग दो वर्षों से योजना की चयन प्रक्रिया में पक्षपात किया जा रहा है तथा योग्य को दरकिनार कर अन्य अभ्यर्थियों का चयन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे योग्य युवाओं में असंतोष एवं चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर प्रश्न उत्पन्न हो रहे हैं। विशेष रूप से एनसीसी के युवाओं के साथ जिसमें एनसीसी प्रमाण पत्र की ग्रेडिंग को दरकिनार करते हुए खराब ग्रेडिंग वाले युवाओं का चयन किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि मां तुझे प्रणाम योजना में विगत दो वर्षों में जिला शहडोल में हुए सभी चयन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। चयनित अभ्यर्थियों की सूची का परीक्षण किया जाए। निर्धारित नियम, मापदंड व मेरिट अंक प्रणाली का पालन हुआ अथवा नहीं, इसकी जांच की जाए।
योग्य अभ्यर्थियों को किन कारणों से चयन से बाहर किया गया, इसकी जांच की जाए। रामकुमार यादव के आवेदन एवं चयन न होने के कारणों की विशेष रूप से जांच कराए जाने की मांग की गई। कहा गया कि पिछली मेरिट एवं चयन सूची सार्वजनिक की जाए। कहा गया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक अमन त्रिपाठी, विभाग संयोजक अखिलेश सिंह, आकाश मिश्रा, अमन तिवारी, अर्पित मिश्रा, राम यादव, गौरव मिश्रा, किसान यादव सहित परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













