कलेक्टर राखी सहाय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में आबकारी टीम ने नदी किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर चल रही अवैध शराब की भट्टियों पर दबिश देकर 47 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और करीब 2800 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹2,87,050 आंकी गई है।
अवैध शराब के निर्माण और भंडारण की सूचना मिलने के बाद जिला आबकारी अधिकारी ममता अहिरवार के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त उमरिया एवं नौरोजाबाद की टीम सक्रिय हुई। टीम ने एक साथ कई स्थानों को निशाने पर लेते हुए महरोई नदी, सरईयापार, उजनिया, बैहर्दे और पिनौरा क्षेत्रों में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान नदी और नदी किनारे के इलाकों में अवैध शराब तैयार करने के लिए लगाए गए सामान और जरीकेन मिले। मौके पर चढ़ी हुई भट्टियों की जांच की गई। टीम ने यहां से तैयार 47 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार रखा गया करीब 2800 किलो महुआ लाहन भी जब्त किया गया।
स्वास्थ्य और राजस्व दोनों के लिए खतरा
जिला आबकारी अधिकारी ममता अहिरवार ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल दबिश दी जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध रूप से शराब बनाई या बेची जा रही है तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।













