श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- बंगवारः पुलिस ने चोरी की एक वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लगभग 1.50 लाख रुपये का चोरी किया गया सामान एवं घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है। 28 जुलाई की रात अज्ञात चोर ने बेम्हौरी निवासी गन्नेलाल प्रजापति के घर से हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटर साइकिल, दवाई छिड़कने की मशीन और पांच लीटर डीजल से भरी जरीकेन चुरा ली।
इसी दौरान पड़ोसी रवि चौधरी के घर से आधा एचपी का मोटर पंप एवं दो सिल्वर रंग के तबेले चोरी होने की जानकारी भी मिली। पुलिस ने कमलेश चौधरी उर्फ केमलू, 36 वर्ष, निवासी ग्राम बेम्हौरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपित ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया। बरामद मशरूका की कुल कीमत 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है।







