श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- ब्यौहारीः प्राथमिक विद्यालय कोठिया में शिक्षक की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही प्रभावित हो रही है। ब्यौहारी से नजदीक जयसिंहनगर विकासखंड के अंतर्गत आने वाला यह प्राथमिक विद्यालय कोठिया जहां पर 90 बच्चे पढने आते हैं और इन बच्चों को पढाने के लिए सिर्फ दो शिक्षक ही यहां पर नियुक्त हैं।
अगर एक शिक्षक अवकाश पर चला जाता है तो फिर एक शिक्षक ही यहां इन बच्चों को संभालता है। ऐसे में बच्चों की पढाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। स्कूल के प्रधानाध्यापक जगजीवन खैरवार ने बताया कि यहां पर 90 विद्यार्थी हैं जो कक्षा पहली से पांचवी तक की कक्षा में दर्ज हैं। नियम के तहत 30 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक होना चाहिए लेकिन दो ही शिक्षक यहां पर पदस्थ हैं।
यहां के एक शिक्षक सुकबरिया बाई सिंह को छात्रावास अधीक्षक बना दिया गया है। छात्रावास का जिम्मा मिलने के बाद वे अध्यापन कार्य में ध्यान नहीं दे पा रही हैं। इसलिए यहां अतिथि शिक्षक की भर्ती कराई जाए या किसी अन्य विद्यालय के शिक्षक को यहां अस्थाई रूप से पदस्थ कर शिक्षण व्यवस्था को सुधारा जाए।







