श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मानपुरः गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमन्त कुंज आश्रम, छपडौर में संत सरन जू महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः 8 बजे से ही हजारों श्रद्धालुओं ने छपडौर धाम पहुंचकर गुरुदेव भगवान की पूजा–अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत कुटी आश्रम से हनुमान मंदिर तक निकाली गई भव्य प्रभात यात्रा से हुई। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इसके पश्चात मंच पर विराजमान पूज्य गुरुदेव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन एवं आरती संपन्न हुई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पूज्य गुरुदेव के प्रमुख सेवादार पूज्य नीलेश जी द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण भजन की प्रस्तुतियां रही। उनके मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
इस अवसर पर छपडौर, उर्दना, मानपुर, बल्हौन, शहडोल, ब्यौहारी, रीवा, दिल्ली, मुंबई सहित देश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर आश्रम परिसर में भक्तों के आगमन का सिलसिला जारी रहा।






