SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » दो बेटियों के जन्म और दहेज की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की खुदकुशी, पति समेत 8 लोगों पर FIR दर्ज

दो बेटियों के जन्म और दहेज की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की खुदकुशी, पति समेत 8 लोगों पर FIR दर्ज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- ग्वालियर. में लगातार दो बेटियों को जन्म देने पर ससुराल वालों ने एक महिला से दहेज की मांग की। उन्होंने मारपीट और 25 लाख रुपए/क्रेटा कार मांगा, जिससे तंग आकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के कुंअरपुर गांव की है। पुलिस ने मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के 8 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

दो बेटियों के जन्म के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर

मुरैना (जौरा) निवासी मेहताब सिंह सिकरवार ने अपनी बेटी ज्योति की शादी महाराजपुरा के कुंअरपुर निवासी शुभम सिंह राजावत से की थी। शादी के कुछ समय बाद ज्योति ने पहली बेटी को जन्म दिया और डेढ़ साल बाद दूसरी बेटी का जन्म हुआ। बेटा न होने पर पति और ससुराल वाले ज्योति को दिन-रात ताने देने लगे। आरोप है कि उसके साथ घर में मारपीट की जाती थी और कई बार खाना तक नहीं दिया जाता था।

क्रेटा कार और 25 लाख रुपए की मांग

मायके पक्ष के बयान के मुताबिक- बेटियों के जन्म के बाद ससुराल वालों का लालच और बढ़ गया। वे ज्योति से दहेज में क्रेटा कार या 25 लाख नकद की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे कई बार घर से बाहर निकाल दिया गया। पति शराब के नशे में उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर ज्योति ने 9 जुलाई को अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी।

पति समेत 8 लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज

घटना के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। मायके पक्ष के बयान दर्ज होने के बाद प्रताड़ना और दहेज की खौफनाक कहानी सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने पति शुभम सिंह राजावत, ससुर चंद्रभान राजावत, सास सरकली राजावत, सौरभ राजावत, रोहित राजावत, दीपक राजावत, सलोनी राजावत और शिवानी राजावत के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना की धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us