श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के ब्योहारी में एक विधवा महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर घर और दुकान के ताले तोड़कर लाखों के जेवर, नकदी और सामान चोरी करने तथा अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।
मायके से लौटने पर टूटे मिले घर और दुकान के ताले
ब्योहारी निवासी आरती सोनी के अनुसार, पति के निधन के बाद बीमारी के चलते वे 9 जुलाई को मायके गई थीं। 19 जुलाई को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर और पुश्तैनी दुकान के ताले टूटे हुए थे। आरोप है कि प्रकाश सोनी, आकाश सोनी, संतोष सोनी और सुनीता सोनी ने ताले तोड़कर अपना ताला जड़ दिया।
लाखों के जेवर, नकदी और घरेलू सामान गायब
पीड़िता का आरोप है कि घर से सोने-चांदी के भारी जेवरात, 35 हजार रुपये नकद और टीवी, फ्रिज, सोफा, कूलर सहित दुकान का सारा सामान गायब है। विरोध करने पर आरोपियों ने एक फर्जी विक्रय अनुबंध पत्र दिखाया, जबकि संपत्ति के दस्तावेज आरती सोनी के नाम पर हैं।
एसपी से की ताला खुलवाने और सामान बरामदगी की मांग
आरती सोनी का कहना है कि 21 जुलाई को ब्योहारी थाने में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने एसपी से आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराने, चोरी हुआ सामान बरामद करने और कब्जा वापस दिलाने की मांग की है।
घरेलू विवाद का मामला, जांच के बाद होगी कार्रवाई
ब्योहारी थाना प्रभारी जियाउल हक ने बताया कि शिकायत मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह पारिवारिक विवाद नजर आ रहा है, सभी पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






