श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। लंबे समय बाद जिला अस्पताल का किसी प्रशासनिक अधिकारी ने गुरूवार को अचानक मुआयना किया जिसके चलते यहां पर आनन फानन में वार्ड के अंदर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के काम में अमला जुटा नजर आया।
मुआयना किया तो हड़कंप मच गया
आज जब अचानक एसडीएम ने यहां का मुआयना किया तो हड़कंप मच गया। एसडीएम ने जिला अस्पताल की प्रबंधक पूजा सोनी से सारी व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की इसके बाद वह वार्ड में निरीक्षण के लिए निकल पडीं।
इधर निरीक्षण, उधर टंग रही थीं तख्तियां
जिस समय एसडीएम मेल और फीमेल सर्जिकल वार्ड का निरीक्षण कर रही थीं उसी बीच जिला अस्पताल की इमरजेंसी ओपीडी में कर्मचारी यहां पर लगीं तख्तियों को बदलने के काम में जुटे नजर आए। एसडीएम के अस्पताल में प्रवेश करते हुए सारे विभाग को सतर्क कर दिया गया।
स्थिति ठीक कर लो, एसडीएम मैडम आ रही हैं…
अपने अपने यहां की स्थिति ठीक कर लो, एसडीएम मैडम आ रही हैं। मैसेज पहुंचते ही वार्डों के अंदर इंचार्ज नर्सिंग आफिसर सक्रिय हो गईं और रजिस्टर आदि को व्यवस्थित करने लगीं। एसडीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्ड में जाकर व्यवस्थाओं को देखा उन्होंने सर्जिकल वार्ड में भर्ती महिला से संवाद कर व्यवस्थाओं को लेकर बात की तो वहीं मरीजों के स्वजनों ने एसडीएम को बताया कि डाॅक्टर ठीक से मरीज की देखरेख नहीं करते हैं।
समय पर राउंड लेने नहीं आते हैं
साथ ही यह भी शिकायत की कि भर्ती करने के बाद आपरेशन करने के लिए चक्कर कटवाते रहते हैं। इस पर एसडीएम ने अस्पताल की नर्सिंग आफिसर से केस की हकीकत पूछी और कहा कि मरीज को इलाज में किसी तरह की दिक्कतें न हों इसका ध्यान रखेंं।
साफ सफाई की स्थिति को अंदर जाकर देखा
एसडीएम ने वार्ड के अंदर बनाए गए शौचालयों की स्थिति को अंदर जाकर देखा तो वह हैरान रह गईं। साफ सफाई की स्थिति ठीक नहीं थी इस पर उन्होंने प्रबंधक पूजा सोनी को कहा कि साफ सफाई को लेकर गंभीरता बरतें और नियमित तौर पर इसका ध्यान रखें कि शौचालय गंदे न रहें और इनमें 24 घंटे पानी उपलब्ध रहे।
एक घंटे से अधिक समय तक रहीं अस्पताल में
एसडीएम ने तकरीबन एक घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में निरीक्षण किया और हर वार्ड की स्थिति को जाकर देखा। उन्होंने प्रबंधक से चर्चा कर निर्देश दिए कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में काम करें।
यह दिए प्रबंधन को निर्देश
- मरीजों को जमीन पर न लिटाएं ।
- साफ सफाई की स्थिति अच्छी रखें।
- डाॅक्टर मरीज के साथ अच्छी तरह से व्यवहार करें।
- मरीज को परेशान न होना पडे इसका ध्यान रखें।
- गर्मी के मौसम में कूलर पंखे बंद न होने पाएं।







