सीमा सिंह शहडोल -: Confirm Train Ticket: रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि यह प्रयास उन यात्रियों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है जो वेटिंग टिकट के कारण अपनी यात्रा के बारे में अनिश्चित रहते हैं। अगर 24 घंटे पहले पता चल जाएगा कि टिकट कन्फर्म हो गई है, तो यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे।
जल्द ही यात्रियों को ट्रेन रवाना होने के 24 घंटे पहले पता चल सकेगा कि उनका टिकट कंफर्म हुआ है या नहीं। रेलवे ने इसके लिए ट्रायल शुरू कर दिया है। मौजूदा व्यवस्था में ट्रेन रवाना होने के चार घंटे पहले यात्रियों को यह जानकारी मिलती है।
रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने अनुसार, अभी ट्रायल किया जा रहा है। यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद ही पायलट परियोजना को रेल नीति का हिस्सा बनाया जाएगा।
दिलीप कुमार ने बताया कि हमने बीकानेर डिवीजन में यह पायलट परियोजना शुरू की है, जहां ट्रेन रवाना होने से 24 घंटे पहले चार्ट तैयार किए जा रहे हैं। वर्तमान में यह काम 4 घंटे पहले किया जाता है।
फायदा भी… लेकिन यह नुकसान भी
- इस व्यवस्था में यात्रियों को फायदा होगा, लेकिन एक बार टिकट कन्फर्म हो जाने के बाद यदि कोई यात्री टिकट कैंसल करता है, तो उसे जुर्माने के रूप में टिकट की राशि का एक बड़ा हिस्सा खोना पड़ेगा।
- इस कैंसिलेशन पॉलिसी के अनुसार, अगर ट्रेन के रवाना होने से 48 घंटे से 12 घंटे पहले कन्फर्म टिकट रद्द किया जाता है, तो यात्रियों को टिकट की राशि का 25 प्रतिशत वापस मिलेगा। अगर रवाना से 12 घंटे से 4 घंटे पहले रद्द किया जाता है, तो उन्हें केवल 50 प्रतिशत राशि मिलेगी।
- अधिकारियों ने बताया कि कैंसिलेशन के कारण खाली होने वाली सीटें या बर्थ मौजूदा बुकिंग प्रणाली के माध्यम से भरी जाएंगी।







