श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिला अस्पताल की माड्यूलर आईसीयू की छत से पानी टपक रहा है जिसके चलते पिछले पांच दिनों से इसे बंद रखा गया है। माड्यूलर आइसीयू में ताला लगा दिया गया है, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज की व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार हो रही बरसात के कारण जर्जर इमारत की पोल खुलने लगी है।
माड्यूलर आइसीयू की छत से लगातार पानी का रिसाव हो रहा था। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने इसे बंद करने का निर्णय लिया। यहां भर्ती मरीजों को पुराने आइसीयू और दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया है। इसके बंद होने का सीधा असर गंभीर मरीजों पर पड़ रहा है। अस्पताल के पुराने आइसीयू में निर्धारित क्षमता 10 बेड की है, लेकिन वर्तमान में वहां 14 बेड लगाए गए हैं और सभी बेड फुल हैं।
आइसीयू में बेडों के बीच पर्याप्त जगह न होने से स्टाफ को इलाज देने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यदि कोई नया गंभीर मरीज आता है तो उसे रेफर करने की नौबत बन सकती है। माडयूलर आइसीयू ही नहीं, सर्जिकल वार्ड की गैलरी और सोनोग्राफी कक्ष में भी छत से पानी टपक रहा है।
सिटी स्कैन कक्ष का काम भी रिसाव के कारण प्रभावित हो रहा है। मशीनों के ऊपर पानी टपकने से उपकरण खराब होने का खतरा बना हुआ है। जिला अस्पताल की सहायक प्रबंधक पूजा सोनी का कहना है कि एमआइसीयू के ऊपर निर्माण चल रहा है जिसके कारण ऐसी स्थिति बनी है।













