श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले में सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। मुख्यालय से सटे गोरतरा ग्राम पंचायत स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो में कथित तौर पर स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चों से छज्जे की साफ-सफाई कराई जा रही है। बारिश के बीच बच्चों से सफाई का काम कराए जाने को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है। वायरल वीडियो में कुछ बच्चे स्कूल परिसर में सफाई करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बच्चों से छज्जे की सफाई कराई जा रही थी। जिस समय यह सफाई कराई जा रही थी, उस दौरान क्षेत्र में बारिश का दौर जारी था। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को स्कूल में पढ़ाई करने के लिए भेजा जाता है। उनसे इस तरह का काम कराया जाना उचित नहीं है। अभिभावकों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में छज्जे या ऊंचाई वाले स्थान पर सफाई कराना बच्चों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
शिक्षा विभाग करेगा जांच
मामले की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच की बात कही है। एसी आनंद राय सिंहा ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि बच्चों से नियम विरुद्ध तरीके से सफाई कराने की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना विभाग की जिम्मेदारी है। ऐसे में वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब निगाहें जांच के नतीजे और विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।














