श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर के चचाई थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक के ऊपर पिकअप का पिछला पहिया चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सी चौराहा स्थित शारदा मंदिर के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय राजेंद्र गुप्ता पिता सीताराम गुप्ता, निवासी चचाई के रूप में हुई है। बताया गया कि राजेंद्र बुढार स्थित रिलायंस कंपनी में कर्मचारी था और ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। घर पहुंचने से करीब दो किलोमीटर पहले ही वह हादसे का शिकार हो गया।
चचाई थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार ने बताया कि पुलिस विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।













