श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- हरदा: जनपद पंचायत के उपयंत्री गौरव दुबे (54) शहर स्थित होटल मिश्रा पैलेस के कमरा नंबर 113 में अर्धनग्न अवस्था में मृत मिले। उनका शव पुलिस ने सोमवार सुबह दरवाजा तोड़कर बाथरूम से बरामद किया। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरा सील करा दिया है।
गौरव की पत्नी, बेटा और बेटी सहित पूरा परिवार भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में रहता है। गौरव जनपद में मनरेगा के तहत संविदा सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। पिछले 15 वर्षों से वे इसी होटल में रह रहे थे। उनके मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई। पुलिस ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। वहीं सहकर्मी इंजीनियरों का कहना है कि पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला था।
हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया है कि निधन के बाद गौरव दुबे के बैंक खाते में वेतन जमा करा दिया गया है।कर्मचारियों के बीच यह चर्चा भी है कि वेतन संबंधी समस्याओं के चलते पूर्व में भी दो सब इंजीनियरों की मौत हो चुकी है।
थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने कहा कि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।





