श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव के अमहा टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर के पास स्थित खुले कुएं में गिरने से बच्चे की डूबकर मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बच्चे का शव कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
खेलते-खेलते पहुंचा कुएं तक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान किसन बैगा (6) पिता भगत लाल बैगा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते घर के पास स्थित कुएं तक पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान कुएं में मिला शव
परिजनों ने खोजबीन के दौरान जब कुएं में झांका तो बच्चे का शव पानी में दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश कुएं में डूबने का माना जा रहा है। सिंहपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।











